छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के चकरभाठा इलाके में शुक्रवार को एक घर में तीन शव मिले, जिसमें एक महिला और दो बच्चे हैं। वार्ड नंबर-7 के सत्तर खोली में सुबह लोगों ने इन शवों को देखा। चकरभाठा थाना प्रभारी कलीम खान ने बताया कि 27 खोली में अमजद खान नामक एक व्यक्ति अपने पूरे परिवार के साथ रहता था। घर में उसकी पत्नी और दो बच्चे थे। शुक्रवार सुबह उसकी पत्नी फरिया, बेटी सोनी और बेटा अफजल का शव घर में मिला। हत्या गला रेत कर और धारदार हथियार से की गई है। उस समय पति अमजद घर पर मौजूद नहीं था।
उन्होंने कहा कि पतासाजी करते हुए ये स्पष्ट हो गया कि अमजद ने पत्नी और बच्चों की हत्या की है। आरोपी अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।
यह परिवार मनिहारी का सामान बेचने का काम करता था। इस परिवार के बीच किसी भी प्रकार का कोई विवाद नहीं था।
आरोपी के गिरफ्तार होने के बाद ही मामले का पूरा खुलासा किया जाएगा।
ये भी पढ़ें: मध्य प्रदेश: 8वीं के छात्र ने स्कूल में साथी पर किया तेजधार हथियार से हमला, हालत नाजुक
बता दें कि कुछ दिन पहले ही आंध्र प्रदेश के चित्तूर जिले में एक व्यक्ति ने पत्नी से लड़ाई के बाद अपने तीन बच्चों की नदी में फेंक कर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, तीनों लड़कों के शव नीवा नदी में तैरते हुए देखे गए थे। बच्चों की पहचान पुनीत (6), संजय (3) व राहुल (3 महीने) के रूप में की गई थी।
वेंकटेश्वरलू ने कथित तौर पर अपनी दूसरी पत्नी अमरावती से लड़ाई के बाद बच्चों की हत्या कर दी। वेंकटेश्वरलू ट्रक चालक है। वेंकटेश्वरलू ने अमरावती से सात साल पहले शादी की थी क्योंकि उसकी पहली पत्नी से बच्चे नहीं थे। वेंकटेश्वरलू को शराब की लत थी और अक्सर अमरावती से लड़ाई करता था।
Source : IANS