logo-image

बिहार: गांव के खेत में मिला नाबालिग का शव, रेप के बाद हत्या की आशंका

गया के रौशनगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार को पुलिस ने एक 10 वर्षीय बच्ची का अर्धनग्न शव बरामद किया है। नाबालिग की बलात्कार के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है।

Updated on: 26 Oct 2017, 04:41 PM

गया:

गया के रौशनगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार को पुलिस ने एक 10 वर्षीय बच्ची का अर्धनग्न शव बरामद किया है। नाबालिग की बलात्कार के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।

पुलिस के अनुसार, ग्रामीणों की सूचना के बाद सुबह पुलिस ने उचला गांव के समीप धान के एक खेत से इसी गांव की रहने वाली एक दलित बच्ची खुशबू का अर्धनग्न शव बरामद किया।

ग्रामीण जब सुबह खेत की ओर निकले तब उन्होंने खुशबू का शव खेत में देखा, इसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने आशंका जताई है कि नाबालिग के साथ बलात्कार के बाद उसकी हत्या कर दी गई है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, बुधवार की रात गांव में एक सांस्कृतिक कार्यक्रम था। खुशबू को घर में छोड़ उसकी मां गांव में ही किसी के घर गई थी। जब वह घर लौटी तो खुशबू घर पर नहीं थी। उसने सोचा कि वह सांस्कृतिक कार्यक्रम देखने गई होगी, परंतु जब वह सुबह तक घर नहीं पहुंची, तब उसकी चिंता बढ़ी। इसके बाद उसका शव मिलने की खबर मिली।

गया के पुलिस अधीक्षक (नगर) ज़े जलारेड्डी ने बताया कि पुलिस ने शव को बरामद कर मामले की छानबीन प्रारंभ कर दी है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है, पोस्टमॉर्टम की रिपोर्ट आने के बाद हत्या के कारणों का सही पता लग सकेगा।

यह भी पढ़ें: शालीमार बाग फायरिंग: पति ने मारी थी पत्नी को गोली, पूछताछ में कबूला जुर्म