मुंबई, 8 जून (आईएएनएस)। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की ओर से महाराष्ट्र चुनाव में मैच फिक्सिंग का आरोप लगाने पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष व महाराष्ट्र सरकार में मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने जोरदार निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी झूठ और छल का खजाना है।
महाराष्ट्र में साल 2024 के विधानसभा चुनाव में राहुल गांधी के मैच फिक्सिंग वाले आरोपों के बाद महाराष्ट्र कांग्रेस ने 12 जून को मशाल यात्रा निकालने का फैसला किया है। इस पर चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा, राहुल गांधी एक बार फिर वे जनता के बीच झूठ फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन महाराष्ट्र की जनता अब समझ गई है कि राहुल गांधी और उनके समर्थकों का उद्देश्य केवल चुनाव के दौरान वोट हासिल करने के लिए गुमराह करना है। हमारे मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राहुल गांधी को उत्तर दे दिया है। मेरा मानना है कि यह जवाब पर्याप्त है।
उन्होंने आगे कहा कि देश की जनता विकास के साथ है। विकसित भारत का संकल्प पीएम मोदी और महाराष्ट्र के विकास का संकल्प देवेंद्र फडणवीस ने लिया है। लोग विकसित भारत के साथ जुड़ना चाहते हैं। भाजपा का विकास का एजेंडा रहा है और लोग इसीलिए भाजपा को वोट करते हैं। इसलिए, देश की जनता को कोई गुमराह नहीं कर सकता है। महाराष्ट्र की जनता कांग्रेस का झूठ लोकसभा चुनाव के दौरान समझ चुकी थी और इसका जवाब विधानसभा चुनाव के दौरान दे दिया।
बावनकुले ने कांग्रेस पर लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, लोकसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस और अन्य दलों ने लोगों को गुमराह किया। लोगों को यह बताया गया कि पीएम मोदी आरक्षण खत्म कर देंगे। लोग कांग्रेस की बातों में आए और लोकसभा चुनाव में वोट दिया। लेकिन, बहुत जल्द महाराष्ट्र की जनता को याद आया कि गलती हुई। लोगों ने अपनी गलती सुधारी और महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में महायुति की सरकार बनाई। कांग्रेस पार्टी ने जो झूठ बोला था, लोगों ने झूठ का बदला लिया है।
--आईएएनएस
डीकेएम/केआर
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.