छत्तीसगढ़ : बिलासपुर में फर्जी शादी करके रुपए की धोखाधड़ी, आरोपी की तलाश में पुलिस

छत्तीसगढ़ : बिलासपुर में फर्जी शादी करके रुपए की धोखाधड़ी, आरोपी की तलाश में पुलिस

author-image
IANS
New Update
छत्तीसगढ़ : बिलासपुर में फर्जी शादी करक रुपए की धोखाधड़ी, मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश में पुलिस

(source : IANS) ( Photo Credit : IANS)

बिलासपुर, 31 मई (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में शादी के नाम पर एक युवती से धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। इसके साथ ही सात लाख रुपए की ठगी भी हुई है। पुलिस पूरे मामले को संज्ञान में लेकर एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है।

बिलासपुर में एक युवती से फर्जी शादी करने और फिर लाखों रुपए ऐंठने का मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। यहां पर आरोप है कि एक मैरिज ब्यूरो चलाने वाली महिला ने अपने ही पति की शादी दूसरी युवती से करा दी। इसके बाद पति ने उस युवती से करीब सात लाख रुपए ठग लिए।

सीएसपी सिविल लाइन निमितेश सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि जांजगीर चांपा जिले के शिवरीनारायण की रहने वाली दमयंती ने जुलाई 2024 में शादी के लिए एक मैरिज ब्यूरो में रजिस्ट्रेशन कराया।

वहीं, मैरिज ब्यूरो को चित्रा नाम की महिला चलाती थी। उसने प्रार्थी को शादी के लिए कुछ प्रोफाइल दिखाई, लेकिन महिला को कोई लड़का पसंद नहीं आया। इस पर चित्रा ने प्रार्थी महिला दमयंती को अपने ही पति संजय चौधरी का प्रोफाइल भेज दिया। संजय पहले से ही शादीशुदा था, इसकी एक भी भनक दमयंती को नहीं थी। लेकिन, उसे लड़के की प्रोफाइल पसंद आ गई।

सीएसपी ने बताया कि इसके बाद गिरौदपुरी धाम में संजय और दमयंती की शादी हो गई। शादी के बाद संजय दमयंती को हरियाणा के सिरसा गांव ले गया। उसके बाद दोनों फिर बिलासपुर लौट आए और विनोबा नगर में किराए के मकान में रहने लगे। दमयंती ने यहां पर ब्यूटी पार्लर खोला। इसी बीच उसके पति संजय ने बीमारी और अन्य निजी समस्याओं का हवाला देकर दमयंती से धीरे-धीरे करीब 7 लाख रुपए ले लिए और उन पैसों से एक कार खरीदी।

कुछ दिनों बाद संजय अचानक गायब हो गया। काफी खोजबीन और जानकारी के बाद दमयंती को पता चला कि मैरिज ब्यूरो वाली चित्रा उसके पति यानी संजय की पत्नी है और दोनों ने मिलकर उसके साथ धोखा किया है।

निमितेश सिंह ने बताया कि संजय और चित्रा ने मिलकर दमयंती के साथ भावनात्मक और आर्थिक रूप से ठगी की, जिससे परेशान होकर पुलिस से शिकायत की गई। शिकायत पर सकरी पुलिस ने चित्रा और संजय के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है।

पुलिस जांच में यह भी बात सामने आई कि चित्रा और संजय की लव मैरिज हुई थी और उनका एक बेटा भी है। फिलहाल चित्रा और संजय फरार हैं, पुलिस उनकी तलाश कर रही है।

--आईएएनएस

एससीएच/एबीएम

Advertisment

डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.

      
Advertisment