कैमरून राष्ट्रपति चुनाव परिणाम: देश की कमान संभालेंगे 92 साल के पॉल बिया

कैमरून राष्ट्रपति चुनाव परिणाम: देश की कमान संभालेंगे 92 साल के पॉल बिया

कैमरून राष्ट्रपति चुनाव परिणाम: देश की कमान संभालेंगे 92 साल के पॉल बिया

author-image
IANS
New Update
कैमरून राष्ट्रपति चुनाव परिणाम: देश की कमान संभालेंगे 92 साल के पॉल बिया, एक और रिकॉर्ड किया अपने नाम

(source : IANS) ( Photo Credit : IANS)

याउंडे, 27 अक्टूबर (आईएएनएस)। कैमरून ने अपने देश की कमान 92 साल के पॉल बिया को सौंप दी है। राष्ट्रपति चुनाव के बाद दो हफ्तों की उथल-पुथल चर्चा में रही। बिया ने 53.66 फीसदी वोट हासिल किए, जबकि उनके विरोधी ने जीत का दावा किया था।

Advertisment

इस जीत के साथ एक और ताज पॉल बिया के माथे पर सजा है। वे दुनिया के सबसे उम्रदराज राष्ट्राध्यक्ष बन गए हैं। जनता ने आठवीं बार उन पर भरोसा जताया है। इसके साथ ही स्थानीय मीडिया का दावा है कि वे लगभग 100 साल की उम्र तक पद पर बने रह सकते हैं।

कैमरून न्यूज एजेंसी के अनुसार, देश की संवैधानिक परिषद ने बताया कि बिया को 53.66 फीसदी वोट मिले, जबकि उनके पूर्व सहयोगी और अब विरोधी इस्सा चिरोमा बकारी को 35.19 फीसदी वोट मिले।

92 साल के बिया ने 1982 में पद संभाला था और तब से उन्होंने सत्ता पर अपनी पकड़ बनाए रखी है। उन्होंने 2008 में राष्ट्रपति पद की समय सीमा खत्म कर दी थी और बड़े अंतर से दोबारा चुनाव जीता था।

बिया 1960 में फ्रांस से आजादी के बाद कैमरून का नेतृत्व करने वाले दूसरे राष्ट्राध्यक्ष हैं। उन्होंने सख्ती से शासन किया है, सभी राजनीतिक और सशस्त्र विरोध को दबाया है, और सामाजिक उथल-पुथल, आर्थिक असमानता और अलगाववादी हिंसा के बावजूद सत्ता पर अपनी पकड़ बनाए रखी है।

हालांकि चुनाव के मद्देनजर, पिछले कुछ हफ्तों से कैमरून में तनाव का माहौल था। देश आधिकारिक नतीजों का इंतजार कर रहा था। रविवार को आर्थिक राजधानी डुआला में सुरक्षा बलों और विपक्षी दल के समर्थकों के बीच हुई झड़पों में चार लोग मारे गए थे।

बिया के विरोधी चिरोमा ने 12 अक्टूबर को हुए चुनाव के दो दिन बाद ही जीत का दावा किया था। उन्होंने एक आंकड़ा पेश किया था जिसमें दिखाया गया था कि उन्हें 54.8 फीसदी जबकि बिया को 31.3 फीसदी वोट मिले हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि अगर संवैधानिक परिषद गलत और तोड़-मरोड़कर पेश किए गए नतीजे घोषित करती है तो विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे। सत्तारूढ़ कैमरून पीपल्स डेमोक्रेटिक मूवमेंट ने उनके दावों को खारिज कर दिया और उनसे आधिकारिक नतीजों का इंतजार करने को कहा था।

राजधानी याउंडे के साथ-साथ कैमरून के अन्य हिस्सों जैसे बाफौसम और डुआला, जो देश के सबसे ज्यादा आबादी वाले शहरों में से हैं, वहां भी विरोध प्रदर्शन हुए। सप्ताहांत में सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में, चिरोमा ने दावा किया कि सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें गिरफ्तार करने के लिए उनके घर में घुसने की कोशिश की थी।

--आईएएनएस

केआर/

डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.

Advertisment