भोपाल 3 जून (आईएएनएस)। राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फोन किया, तो नरेंद्र (प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी) ने सरेंडर कर दिया।
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में संगठन सृजन अभियान की शुरुआत करते हुए राहुल गांधी ने भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़े तनाव और युद्ध के बने हालातों और भाजपा व राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की कार्यशैली की चर्चा करते हुए कहा, भाजपा और संघ वालों को मैं अच्छी तरह से जानता हूं, इन्हें जरा सा धक्का मारो ये डरकर भाग जाते हैं। जैसे उधर से ट्रंप ने एक इशारा किया, फोन उठाया और कहा मोदी जी क्या कर रहे हो और जी हुजूर करते हुए नरेंद्र मोदी ने ट्रंप के इशारे का पालन किया।
उन्होंने वर्ष 1971 के युद्ध की चर्चा करते हुए कहा एक समय था जब फोन नहीं, कॉल नहीं आया था, सेवंथ फ्लीट आई थी, एयरक्राफ्ट आया था तब इंदिरा गांधी ने कहा था मुझे जो करना है करूंगी। यह फर्क है। ये सारे के सारे ऐसे हैं, आजादी के समय से सरेंडर वाली चिट्ठी लिखने की आदत है। कांग्रेस सरेंडर नहीं होती, महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू, वल्लभ भाई पटेल सरेंडर करने वाले लोग नहीं हैं, ये लड़ने वाले लोग हैं।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कार्यकर्ताओं में जोश भरने की कोशिश की और कहा कि अब पहले जैसे जिला अध्यक्ष नहीं चुने जाएंगे बल्कि दिल्ली से भेजे जाने वाले पर्यवेक्षक स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं से चर्चा के बाद ही चुने जाएंगे। पहले जैसे अध्यक्ष नहीं होंगे जैसे किसी नेता का सहायक अध्यक्ष बन जाता था।
उन्होंने आगे कहा कि जिलाध्यक्षों की भूमिका विधानसभा के उम्मीदवार से लेकर लोकसभा के उम्मीदवार के चयन में अहम होगी। जिलाध्यक्ष ताकतवर होंगे। पार्टी आने वाले समय में ब्लॉक स्तर पर जाएगी। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में पार्टी ताकतवर है और उन्हें 55 नेताओं की जरूरत है। इसके लिए पार्टी बेहतर और ऊर्जावान लोगों की तलाश करेगी। यहां के नेताओं में भाजपा को हराने की क्षमता है मगर उनके हाथ बंधे हुए हैं। राहुल गांधी ने राज्य में सक्षम कार्यकर्ता को जिम्मेदारी सौंपे जाने की बात कही।
--आईएएनएस
एसएनपी/डीएससी
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.