पानीपत, 17 जुलाई (आईएएनएस)। हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने मनुस्मृति ग्रंथ को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि हरियाणा सरकार अभी मनुस्मृति के संबंध में कोई विचार नहीं कर रही है।
उन्होंने भगवद गीता को जीवन का मार्गदर्शक ग्रंथ बताते हुए कहा कि यह एक ऐसी धरोहर है, जो पूरी दुनिया में मान्य है। गीता के प्रत्येक श्लोक और शब्द में जीवन को रचने और बसाने की कला समाहित है।
शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने आगे कहा कि जीवन जीने की कला और भक्ति जैसी अनमोल धरोहर केवल भारतीय संस्कृति में ही मौजूद है, जो दुनिया में कहीं नहीं मिलती। ज्ञान को किसी दायरे में नहीं बांधा जा सकता। उन्होंने इसे परमात्मा की देन बताते हुए कहा कि ज्ञान को जितना ग्रहण करना चाहें, उतना ग्रहण किया जा सकता है और इसका प्रचार-प्रसार भी उतना ही जरूरी है।
उन्होंने कहा कि कम्युनिस्ट हर चीज का विरोध कर सकते हैं, लेकिन यह ज्ञान की व्यापकता को कम नहीं करता।
शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने संस्कृत भाषा की महत्ता पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने संस्कृत को ज्ञान की भाषा करार देते हुए कहा कि इसमें लिखे गए ग्रंथ मानव कल्याण के लिए समर्पित हैं। इन ग्रंथों में ब्रह्मांड से लेकर पाताल तक की सटीक जानकारी उपलब्ध है। ढांडा ने दावा किया कि आधुनिक विज्ञान अभी हिंदू धर्म के ज्ञान के एक प्रतिशत तक भी नहीं पहुंच पाया है।
उन्होंने हिंदू धर्म को जीवन जीने की पद्धति करार दिया। उन्होंने कहा कि हिंदू धर्म की जीवनशैली इतनी विकसित है कि इसमें संपूर्ण ब्रह्मांड और इस जगत की सटीक जानकारी ग्रंथों में संकलित है। जो ग्रंथ मानव जीवन के कल्याण, सृष्टि और प्रकृति के संरक्षण व विकास के लिए ज्ञान प्रदान करते हैं, वे सभी हमारे पास पहले से ही उपलब्ध हैं। इन ग्रंथों की पढ़ाई और व्याख्या को बढ़ावा देना चाहिए। इस तरह के ज्ञान के प्रचार-प्रसार से किसी को आपत्ति नहीं होनी चाहिए।
--आईएएनएस
एकेएस/एबीएम
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.