बारिश से हुए नुकसान का आकलन करने के लिए दिए गए निर्देश : मंत्री इरफान अंसारी

बारिश से हुए नुकसान का आकलन करने के लिए दिए गए निर्देश : मंत्री इरफान अंसारी

बारिश से हुए नुकसान का आकलन करने के लिए दिए गए निर्देश : मंत्री इरफान अंसारी

author-image
IANS
New Update
Congress MLA from Jamtara Dr. Irfan Ansari

(source : IANS) ( Photo Credit : IANS)

रांची, 20 जून (आईएएनएस)। झारखंड में पिछले तीन दिन से हो रही भारी बारिश ने काफी तबाही मचाई है। मौसम विभाग की चेतावनी के बीच रांची, खूंटी, लोहरदगा, सिमडेगा, गुमला, धनबाद, बोकारो और सरायकेला जैसे जिलों में तेज हवाओं और बारिश ने जनजीवन को प्रभावित किया।

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने पत्रकारों से बातचीत में पीड़ित परिवारों के लिए मुआवजे का ऐलान किया। उन्होंने बताया कि बारिश से हुए नुकसान का आकलन करने के लिए सभी जिलों के उपायुक्तों को निर्देश दिए गए हैं। एक उच्चस्तरीय बैठक में, जिसमें मुख्य सचिव और अन्य अधिकारी शामिल थे, नुकसान का जायजा लिया गया। कई जगहों पर घर ढहे, फसलें बर्बाद हुईं और सड़कों पर जलभराव हो गया।

उन्होंने कहा कि सरकार प्रभावित लोगों की मदद के लिए तत्काल कार्रवाई कर रही है। पैसे की कोई कमी नहीं है और हरसंभव सहायता दी जाएगी। बारिश और वज्रपात के कारण सात लोगों की मौत हुई है। रांची के एक डीपीएस स्कूल के संगीत शिक्षक लापता हैं, जिनकी तलाश जारी है।

उन्होंने लोगों से खराब मौसम में घर से बाहर न निकलने और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की। मुआवजे की राशि अभी स्पष्ट नहीं की गई है, लेकिन सरकार ने पीड़ित परिवारों को सहायता का भरोसा दिलाया है।

मंत्री ने स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर करने की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने बताया कि झारखंड में पहली बार एड्स उपचार केंद्र (एआरटी सेंटर) स्थापित करने का प्रस्ताव मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने स्वीकार कर लिया है। यह केंद्र एड्स पीड़ितों के लिए मुफ्त दवाइयां और काउंसलिंग की सुविधा देगा।

उन्होंने कहा कि इस केंद्र से मरीजों का मनोबल बढ़ेगा और उन्हें विश्वास होगा कि हर बीमारी का इलाज संभव है। यह केंद्र न केवल इलाज प्रदान करेगा, बल्कि मरीजों को मानसिक रूप से मजबूत करने में भी मदद करेगा। पहले केंद्र सरकार से मिलने वाले फंड का सही उपयोग नहीं हो पा रहा था, जिससे मरीजों को राहत नहीं मिलती थी। अब इस केंद्र के जरिए मरीजों को बेहतर सुविधाएं दी जाएंगी। इसका शिलान्यास जल्द होगा।

डॉ. अंसारी ने रांची के रिम्स अस्पताल को और मजबूत करने की बात कही। उन्होंने कहा कि रिम्स केवल अमीरों के लिए नहीं, बल्कि गरीबों, आदिवासियों और दलितों के लिए भी है। इसके आसपास के क्षेत्रों में होटल, मॉल और अन्य व्यवसायों को बढ़ावा दिया जाएगा, ताकि स्थानीय लोग आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें। सरकार सब्सिडी देकर आदिवासियों और दलितों को व्यवसाय शुरू करने में मदद करेगी।

उन्होंने कहा कि रिम्स के आसपास का क्षेत्र आर्थिक विकास का केंद्र बनेगा, जिससे स्थानीय लोग समृद्ध होंगे।

21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय कार्यक्रम का जिक्र करते हुए डॉ. अंसारी ने कहा कि योग किसी एक पार्टी का नहीं, बल्कि सभी का है।

पहले उन्होंने योग को लेकर भाजपा पर इसे हाईजैक करने का आरोप लगाया था, लेकिन अब बतौर मंत्री वह सभी को योग में शामिल होने का निमंत्रण दे रहे हैं। उन्होंने मंत्रियों, विधायकों, व्यवसायियों और मीडिया को आमंत्रित किया है। उन्होंने कहा कि योग स्वास्थ्य के लिए जरूरी है और इसे राजनीति से दूर रखा जाएगा।

--आईएएनएस

एसएचके/एकेजे

Advertisment

डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.

      
Advertisment