.

पाकिस्तान के गृह मंत्री अहसान इकबाल को रैली में मारी गई गोली, हालत स्थिर

पाकिस्तान के आंतरिक मामलों के मंत्री (गृह मंत्री) अहसान इकबाल को नरोवाल शहर में एक रैली के दौरान गोली मार दी गई। गोली लगने से मंत्री घायल हो गए।

News Nation Bureau
| Edited By :
06 May 2018, 10:15:39 PM (IST)

इस्लामाबाद:

पाकिस्तान के आंतरिक मामलों के मंत्री (गृह मंत्री) अहसान इकबाल को नरोवाल शहर में एक रैली के दौरान गोली मार दी गई। गोली लगने से मंत्री घायल हो गए।

रविवार को एक राजनीतिक रैली में खुलेआम एक बंदूकधारी ने उन पर गोली चला दी। पुलिस के मुताबिक गोली उनके दाहिने हाथ बांह में लगी।

पाकिस्तान मुस्लिम लीग पार्टी के नेता इकबाल पंजाब प्रांत में अपने गृहनगर नरोवाल में राजनीतिक रैली को संबोधित कर रहे थे, उसी वक्त उन पर यह जानलेवा हमला हुआ।

डॉन न्यूज की खबर के मुताबिक, अहसान इकबाल को जिला मुख्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया। परिवारिक सूत्रों ने बताया कि गृह मंत्री को बाद में लाहौर ले जाया गया।

पुलिस के मुताबिक, संदिग्ध आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है।

मंत्री पर गोली चलाने वाले आरोपी की उम्र 20-22 साल के बीच बताई जा रही है। अहसान इकबाल के परिवारवालों ने बताया है कि वे अब खतरे से बाहर हैं।

और पढ़ें: अफगानिस्तान में छह भारतीय इंजीनियर अगवा, तालिबान पर शक