इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबी अहमद अली (Abiy Ahmed Ali) को मिला नोबेल शांति पुरस्कार (Nobel Peace Prize)
शांति और अंतरराष्ट्रीय सहयोग प्राप्त करने के प्रयासों के लिए खासकर इरीट्रिया के साथ सीमा संघर्ष को हल करने के लिए उनकी निर्णायक पहल के लिए नोबेल शांति पुरस्कार 2019 पुरस्कार प्रदान किया जाएगा.
नई दिल्ली:
नोबेल पुरस्कार समिति ने नोबेल शांति पुरस्कार की घोषणा कर दी है. इस बार का नोबेल शांति पुरस्कार इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबी अहमद अली को दिया जाएगा. शांति और अंतरराष्ट्रीय सहयोग प्राप्त करने के प्रयासों के लिए खासकर इरीट्रिया के साथ सीमा संघर्ष को हल करने के लिए उनकी निर्णायक पहल के लिए नोबेल शांति पुरस्कार 2019 पुरस्कार प्रदान किया जाएगा. नोबेल शांति पुरस्कार की घोषणा नॉर्वे की संसद की ओर से चुनी गई पांच सदस्यीय समिति करती है.
नोबेल प्राइज कमेटी की ओर से कहा गया है कि अहमद अली ने इरिट्रिया से विवाद सुलझाने के लिए कई पहल कीं. अबी अहमद अली के बारे में कहा जाता है कि इस पूर्व आर्मी इंटेलिजेंस अफसर ने देश में कई सुधार किए. पड़ोसी देश इरिट्रिया के साथ 20 साल से चल रहे सीमा विवाद को सुलझाने की दिशा में उनके द्वारा उठाए गए ठोस कदम को देखते हुए नॉर्वे की नोबेल समिति ने उन्हें नोबेल पुरस्कार दिया.
यही नहीं, अहमद अली ने देश में बड़े पैमाने पर आर्थिक और राजनीतिक सुधार भी किए. 2018 में उनकी सरकार बनने के बाद ही उन्होंने साफ कर दिया था कि इरीट्रिया के साथ वे दोबारा शांति वार्ता कायम करने की कोशिश करेंगे.
इरिट्रिया के राष्ट्रपति इसाइआस अफवेरकी के साथ अहमद अली ने शांति समझौते के लिए गंभीरता से प्रयास किया और दोनों देशों के बीच विवाद को खत्म किया.