.

वित्त मंत्री अरुण जेटली ने कहा, बीजेपी सरकार देश की सुरक्षा के लिए सीमा पार भी जा सकती है

पंजाब में कांग्रेस की सरकार थी, इस दौरान उन्होंने कुछ नहीं किया।

News Nation Bureau
| Edited By :
08 Jan 2017, 09:47:55 PM (IST)

नई दिल्ली:

अरुण जेटली ने पंजाब में विजय संकल्प यात्रा के दौरान कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि किसी भी सरकार में इतनी हिम्मत नहीं है कि वो देश की सुरक्षा के लिए एलओसी पार कर जाये। कोई भी सरकार अब तक कालेधन और भ्रष्टाचार को रोकने के लिए नोटबंदी जैसा महत्वपूर्ण और बड़ा फ़ैसला नहीं ले सकी।

ज़ाहिर है कि नोटबंदी और सर्जिकल स्ट्राइक को लेकर कांग्रेस बीजेपी पर निशाना साधती रही है। वहीं बीजेपी इन दोनों मुद्दे को लेकर अपनी सरकार की पीठ थपथपाती रही है। जेटली यहीं नहीं रुके। उन्होंने कहा, '2002 से 2007 तक पंजाब में कांग्रेस की सरकार थी, इस दौरान उन्होंने कुछ नहीं किया। अपने पूरे कार्यकाल में वह बदले और आरोप प्रत्यारोप की राजनीति करते रहे।'

जेटली ने कहा कि जब केंद्र में भी उनकी सरकार थी तो उन्होंने पंजाब के लिए कुछ नहीं किया। वहीं अगर आज के समय में आप देखें तो पंजाब में केंद्रीय शिक्षण संस्थान की बाढ़ आई हुई है। वित्त मंत्री अरुण जेटली पंजाब में विजय संकल्प यात्रा रैली में बोल रहे थे।

वित्त मंत्री ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा है, 'कांग्रेस की वजह से ही पंजाब में अलग-अलग समूह बने हुए हैं और आये दिन एक दूसरे से फसाद करते हैं।'

उन्होंने कहा, 'पंजाब में कांग्रेस की वजह से ही 80 के दशक में आतंकवाद बढ़ गया था। शिअद-भाजपा गठबंधन की वजह से ही आज राज्य में आतंकवाद के ज़ख्म को भरा जा सका है।'

उन्होंने कांग्रेस पर राज्य में हिंसा बढ़ाने का आरोप लगाते हुए कहा, '1984 में कांग्रेस ने लोगों को सांप्रदायिकता के नाम पर लड़ाने का काम किया था। इस राज्य की जनता 10 से 12 साल तक कांग्रेस की वजह से हिंसा झेलती रही। इस हिंसा में हज़ारों लोग मारे गये। जिसकी वजह से जनजीवन सामान्य होना लगभग नामुमकिन हो गया था।'

आगे उन्होंने शिअद-भाजपा की तारीफ करते हुए कहा कि अपने कार्यों के बदौलत ये गठबंधन लगातार तीसरी बार सत्ता में आएगा। मोदी के शासनकाल में देश ईमानदार, स्वच्छ और प्रगतिशील राह पर आगे बढ़ रहा है।