आंध्र प्रदेश: गोदावरी नदी में नाव पलटी, 4 लापता
नाव में 20 से ज्यादा लोग सवार थे, जिसमें से अधिकतर छात्र थे। नाव निर्माणाधीन पुल के खंभे से टक्कर के बाद पलट गई।
विजयवाड़ा:
आंध्र प्रदेश में गोदावरी नदी में शनिवार को एक नाव के पलट जाने के बाद चार लोग लापता हो गए जबकि 20 लोगों को बचा लिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने इस बात की जानकारी दी।
घटना पूर्वी गोदावरी जिले के पोलावरम मंडल (ब्लॉक) में पासुवुल्लांका के समीप की है।
नाव में 20 से ज्यादा लोग सवार थे, जिसमें से अधिकतर छात्र थे। नाव निर्माणाधीन पुल के खंभे से टक्कर के बाद पलट गई।
मछुआरों समेत स्थानीय लोगों ने 20 लोगों को बचा लिया जबकि लापता लोगों के लिए खोज अभियान जारी है।
नाव तालारीवारी पालेम से पासुवुल्लांका की ओर जा रही थी। नाव में सवार लोगों की सटीक संख्या अभी साफ नहीं है हालांकि पुलिस और असैन्य अधिकारी घटनास्थल तक पहुंचने का प्रयास कर रहे हैं।
कुछ तेलुगू टीवी चैनल बचाए हुए छात्रों के जमीन पर पड़े होने और खंभे के समीप खड़ी नाव की तस्वीरें दिखा रहे हैं।
और पढ़ें: उत्तर प्रदेश: गैंगरेप में नाकाम दबंगो ने महिला को जिंदा जलाया, पुलिस जांच में जुटी