.

दिल्ली में मंडरा रहा है बाढ़ का खतरा, एसडीएम ने जारी की चेतावनी

यमुना का जलस्तर खतरे के निशान को पार करने के बाद दिल्ली सरकार ने शुक्रवार को एक अलर्ट जारी किया है।

News Nation Bureau
| Edited By :
28 Jul 2018, 03:35:47 PM (IST)

नई दिल्ली:

हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भारी बारिश के कारण हरियाणा के हथिनीकुंड बैराज के अधिकारियों ने शनिवार को यमुना नदी में अतिरिक्त पानी छोड़ा है। ये पानी छोड़ने की वजह से दिल्ली पर बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है।

यमुना का जलस्तर खतरे के निशान को पार करने के बाद दिल्ली के अधिकारियों की तरफ से शुक्रवार को एक अलर्ट जारी किया गया है।

निचले इलाकों के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने के लिए तैयारी शुरू कर दी गई है।

एसडीएम ईस्ट अरुण गुप्ता ने बताया कि हथिनीकुंड से पानी छोड़े जाने की वजह से आज रात 9 से 11 बजे के बीच में यमुना नदी का जलस्तर 205.4 तक पहुंचने की संभावना है। उन्होंने बताया कि यमुना नदी पहले ही खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। हमने दिल्ली के निचले इलाकों में घोषणाएं करनी शुरू कर दी है।

उन्होंने ये भी बताया कि, 'हम लोगों को चेतावनी दे रहे हैं कि वो अपने बच्चों और पशुओं को नदी किनारे न जाने दें और ऊपरी इलाकों में चले जाएं। हमने लोगों को ये भी हिदायत दी है कि लोग यमुना में तैराकी के लिए न जाएं। हमने बाढ़ की चपेट में आने वाले 10 संवेदनशील जगहों पर तंबू लगाकर अन्य इंतजाम भी किए हैं।'

चंडीगढ़ में एक अधिकारी ने कहा, 'शनिवार सुबह यमुना में हथिनीकुंड बैराज से 200,000 से अधिक क्यूसेक पानी छोड़ा गया था।'

सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण विभाग के एक अधिकारी ने शनिवार को बताया कि दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर सुबह 10 बजे खतरे के निशान को पार कर गया।

अधिकारी ने कहा कि यमुना नदी के किनारे अतिरिक्त पानी छोड़े जाने को लेकर सतर्क कर दिया गया है। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों के घर खाली कराने को लेकर तैयारी शुरू कर दी गई है।

और पढ़ें: महाराष्ट्र: 200 फ़ीट गहरी खाई में गिरी कॉलेज बस, 8 लोगों की मौत, मौके पर पहुंची NDRF टीम

 

(इनपुट आईएएनएस से)