.

IMD का ऑरेंज अलर्ट : दिल्ली में पहली बार पारा 43 डिग्री पार 

मौसम विभाग ने राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को भी भीषण लू की चेतावनी देते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.

News Nation Bureau
| Edited By :
08 Apr 2022, 11:31:26 PM (IST)

नई दिल्ली:

राजधानी दिल्ली शुक्रवार को भीषण लू की चपेट में रही और सफदरजंग वेधशाला में अधिकतम तापमान सामान्य से 7 डिग्री अधिक 41.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस साल अब तक का सबसे अधिक तापमान रहा. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी. मौसम विभाग ने राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को भी भीषण लू की चेतावनी देते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. आईएमडी के आंकड़ों से पता चलता है कि दो मौसम स्टेशनों को छोड़कर शहर के सभी स्वचालित स्टेशनों में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया. दिल्ली में अधिकांश स्थानों पर अधिकतम तापमान सामान्य से कम से कम सात डिग्री ज्यादा दर्ज किया गया. 

यह भी पढ़ें: इमरान ने एक बार फिर की भारत तारीफ की, बोले- हिंदुस्तान एक खुद्दार देश 

मुंगेशपुर, नजफगढ़, पीतमपुरा और स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के मौसम केंद्रों में अधिकतम तापमान क्रमश: 43 डिग्री सेल्सियस, 43.3 डिग्री सेल्सियस, 43.4 डिग्री सेल्सियस और 43.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. आईएमडी ने कहा कि लू के और तेज होने की आशंका है और शनिवार को सफदरजंग वेधशाला में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है. हालांकि मंगलवार से बादल छाए रहने का अनुमान है, जिसके चलते भीषण गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है.