दिल्ली में ठंड और कोहरे का प्रकोप जारी, 13 रेलगाड़ियां रद्द
दिल्ली के लोधी रोड इलाके में हवा की गुणवत्ता 'बहुत खराब' कैटेगरी में है।
नई दिल्ली:
दिल्ली-एनसीआर में ठंड का असर जारी है। शनिवार सुबह सर्द रही और कोहरा छाया रहा। यहां का न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसम का सामान्य तापमान है।
कोहरे और लो विजिबिलिटी के कारण 13 रेलगाड़ियां रद्द कर दी गईं, जबकि 36 अपने निर्धारित समय से देरी से चल रही हैं और दो के समय में फेरबदल किया गया है।
इस दौरान दिल्ली के लोधी रोड इलाके में हवा की गुणवत्ता 'बहुत खराब' कैटेगरी में है। सुबह 8.30 बजे वायुमंडल में आद्र्रता का स्तर 100 फीसदी रहा जबकि दृश्यता 400 मीटर रही।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने बताया, 'दिन में आसमान साफ रहेगा।'
अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पूर्वी उत्तर प्रदेश समेत उत्तरपश्चिमी मैदानी इलाकों में ठंड और कोहरे का प्रकोप जारी है। लो विजिबिलिटी के कारण के कारण दिल्ली इंदिरा गांधी एयरपोर्ट पर फ्लाइट्स के संचालन में भी देरी हो रही है।
रेलवे मंत्रालय ने 29 नंवबर को रेलगाड़ियों के रद्द और समय में बदलाव की योजना की घोषणा कर दी थी। जो 1 दिसंबर से 13 फरवरी 2018 तक लागू रहेगा।
शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक 25.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इसे भी पढ़ें: दिल्ली में सड़क दुर्घटना होने पर सरकार उठाएगी खर्च