.

द्रौपदी मुर्मू की जीत में क्रॉस-वोटिंग, BJP ने JDA विधायकों को दिया धन्यवाद

राष्ट्रपति चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू की जीत से बिहार भारतीय जनता पार्टी (Bihar BJP) सहित RJD में उत्साह है.

22 Jul 2022, 03:40:47 PM (IST)

Patna:

राष्ट्रपति चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू की जीत से बिहार भारतीय जनता पार्टी (Bihar BJP) सहित RJD में उत्साह है. इस बीच, भाजपा ने राष्ट्रपति चुनाव में द्रौपदी मुर्मू के पक्ष में मतदान करने के लिए मुख्य विपक्षी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के आठ विधायकों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद दिया है. बिहार भाजपा के अध्यक्ष एवं सांसद संजय जायसवाल ने अपने ट्विटर हैंडल से ट्वीट कर लिखा कि, राजद के उन सभी आठ विधायकों को भी बहुत-बहुत आभार जिन्होंने यशवंत सिन्हा जी के आह्वान पर अपनी अंतरात्मा के कहने पर द्रौपदी मुर्मू जी को वोट किया.

आपको बता दें कि कि राष्ट्रपति चुनाव को लेकर बिहार में सत्ता पक्ष और विपक्ष आमने सामने थे. राजद के नेता तेजस्वी यादव ने राजग की उम्मीदवार को 'मूर्ति' तक बता दिया था, जिसके बाद राज्य का सियासी पारा चढ़ गया और तेजस्वी सत्ता पक्ष के सीधे निशाने पर आ गए थे.

इस बीच, द्रौपदी मुर्मू की जीत पर भाजपा नेताओं के आलावा बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सहित विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने भी उन्हें बधाई दी है.

NDA उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू की शानदार जीत हुई. कुल 4,809 मतदाताओं में से 64 वर्षीय मुर्मू ने 540 सांसदों सहित 2,824 मतदाताओं से वोट हासिल किया, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी यशवंत सिन्हा को 208 सांसदों सहित 1,877 मतदाताओं का वोट मिला. 

इनपुट : आईएएनएस