.

बछेंद्री पाल को पद्म भूषण, सुनील छेत्री समेत इन खिलाड़ियों को मिलेगा पद्मश्री

मशहूर पर्वातारोही बछेंद्री पाल को शुक्रवार को भारत सरकार ने पद्म भूषण अलंकरण देने की घोषणा की है.

IANS
| Edited By :
26 Jan 2019, 06:49:01 AM (IST)

नई दिल्ली:

मशहूर पर्वातारोही बछेंद्री पाल को शुक्रवार को भारत सरकार ने पद्म भूषण अलंकरण देने की घोषणा की है. भारत सरकार द्वारा जारी पद्म भूषण पुरस्कार की सूची में बछेंद्री एकमात्र खिलाड़ी हैं. इसी के साथ भारत सरकार ने पद्मश्री अवार्ड का भी ऐलान किया है जिसमें बीते साल राष्ट्रमंडल खेल और एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाले पुरुष पहलवान बजरंग पूनिया का नाम शामिल है.

बजरंग के अलावा पिछले साल अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने वाले भारतीय टीम के पूर्व खिलाड़ी और देश की दो विश्व कप जीतने वाली टीम का अहम हिस्सा रहे गौतम गंभीर को भी पद्मश्री अवार्ड मिलने की घोषणा की गई है. 

भारतीय फुटबाल टीम के कप्तान सुनील छेत्री भी पद्मश्री अवार्ड मिलने वाले खिलाड़ियों की सूची में जगह पाने में सफल रहे हैं. 

इनके अलावा पुरुष टेबल टेनिस खिलाड़ी अचंता शरथ कमल, भारतीय कबड्डी टीम के कप्तान अजय ठाकुर, महिला तीरंदाज बोमबायला देवी, महिला शतरंज खिलाड़ी हरिका द्रोणावल्ली, बास्केटबाल खिलाड़ी प्रशांती सिंह को भी पद्मश्री अवार्ड देने की घोषणा की गई है. 

लोक गायिका तीजन बाई सहित चार मशहूर हस्तियों को इस साल पद्म विभूषण पुरस्कार प्रदान करने की घोषणा की गई है. देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में शामिल पद्म पुरस्कारों के लिए चयनित नामों की शुक्रवार को घोषणा की गई, जिसके तहत 14 हस्तियों को पद्म भूषण और 94 को पद्मश्री अलंकरण से सम्मानित किया जाएगा. 

और पढ़ें: Padma Awards 2019: 112 हस्तियों को अलग-अलग कैटेगरी में सम्मान, देखें पूरी लिस्ट

पद्म भूषण के लिए पत्रकार कुलदीप नैयर (मरणोपरांत), अभिनेता मोहन लाल, इसरो के वैज्ञानिक नांबी नारायण और पर्वतारोही बिछेंद्रीपाल समेत 14 मशहूर हस्तयों को यह पुरस्कार प्रदान किया जाएगा. 

पद्मश्री अलंकरण से नवाज जाने वाली शख्सियतों में अभिनेता मनोज वाजपेयी, कादर खान, कोरियोग्राफर प्रभुदेवा, फुटबॉल खिलाड़ी सुनील छेत्री, क्रिकेटर गौतम गंभीर, पहलवान बजरंग पूनिया शामिल हैं.