.

काटरेसैट लॉन्चिंग: US, ब्रिटेन के साथ 14 देशों का सैटेलाइट आज लॉन्च करेगा इसरो

भारत पीएसएलवी के साथ शुक्रवार को 712 किलोग्राम वजनी काटरेसैट-2 सीरीज और 30 अन्य उपग्रहों (सेटेलाइट) का प्रक्षेपण करेगा।

News Nation Bureau
| Edited By :
23 Jun 2017, 12:03:31 AM (IST)

highlights

  • इसरो शुक्रवार को 712 किलोग्राम वजनी काटरेसैट-2 सीरीज करेगा लॉन्च
  • पीएसएलवी अपने साथ 29 विदेशी और एक भारतीय उपग्रह को ले जाएगा

नई दिल्ली:

भारत ध्रुवीय उपग्रह प्रक्षेपण वाहन (पीएसएलवी) के साथ शुक्रवार को 712 किलोग्राम वजनी काटरेसैट-2 सीरीज और 30 अन्य उपग्रहों (सेटेलाइट) का प्रक्षेपण करेगा।

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के अनुसार, आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा से गुरुवार सुबह 5.29 बजे उपग्रहों के प्रक्षेपण की उलटी गिनती शुरू हुई। पीएसएलवी अपने साथ 29 विदेशी और एक भारतीय उपग्रह को ले जाएगा।

भारतीय अंतरिक्ष एजेंसी ने कहा कि ईंधन भरने की प्रक्रिया प्रगति पर है।

मिशन रेडीनेस रिव्यू (एमआरआर) समिति और लॉन्च ऑथराइजेशन बोर्ड (एलएबी) ने बुधवार को यान के लॉन्च की 28 घंटे की उल्टी गिनती को हरी झंडी दी थी।

इसरो के अनुसार पीएसएलवी रॉकेट के एक्सएल वैरियेंट के शुक्रवार सुबह 9.29 बजे लॉन्च होने की संभावना है।

इन देशों का उपग्रह होगा लॉन्च

यह यान 14 देशों से 29 नैनो उपग्रह लेकर जा रहा है, जिसमें ऑस्ट्रया, बेल्जियम, ब्रिटेन, चिली, चेक गणराज्य, फिनलैंड, फ्रांस, जर्मनी, इटली, जापान, लातविया, लिथुआनिया, स्लोवाकिया और अमेरिका के साथ-साथ भारत का एक नैनो उपग्रह भी शामिल है।

क्या है खासियत?

इसरो ने कहा कि इन 30 उपग्रहों का कुल भार 243 किलोग्राम और काटरेसैट को मिलाकर सभी 31 उपग्रहों का कुल भार 955 किलोग्राम है।

यह रॉकेट उपग्रहों को 505 किलोमीटर दूर ध्रुवीय सूर्य समकालिक कक्षा (एसएसओ) में स्थापित करेगा।

15 किलोग्राम वजनी भारतीय नैनो सैटेलाइट एनआईयूएसएटी तमिलनाडु की नोरल इस्लाम यूनिवर्सिटी का है। यह उपग्रह कृषि फसल की निगरानी और आपदा प्रबंधन सहायता अनुप्रयोगों के लिए मल्टी-स्पेक्ट्रल तस्वीरें प्रदान करेगा।

और पढ़ें: OnePlus 5 भारत में लॉन्च, 8 जीबी RAM वेरियंट की कीमत 37,999 रुपये