Chhath Puja 2018: 'नहाय-खाए' से शुरू हुआ छठ का महापर्व
बिहार का महापर्व छठ 11 नवंबर से शुरू हो रहा है। यह पर्व नहाय-खाए, खरना या लोहंडा और सुबह-शाम के अर्घ्य के साथ 14 नवंबर तक चलेगा।
नई दिल्ली:
बिहार का महापर्व छठ 11 नवंबर से शुरू हो रहा है। यह पर्व नहाय-खाए, खरना या लोहंडा और सुबह-शाम के अर्घ्य के साथ 14 नवंबर तक चलेगा। बिहार के अलावा यूपी, छत्तीसगढ़, झारखंड, पश्चिम बंगाल और नेपाल में भी छठी मईया की पूजा होती है।
कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी से सप्तमी की तिथि तक भगवान सूर्यदेव की अटल आस्था का पर्व 'छठ पूजा' मनाया जाता है।
व्रती सुबह स्नान करने के बाद चावल, चने की दाल और कद्दू की सब्जी ग्रहण करेंगी। इसके बाद खरना होगा। इस दिन व्रती पूरे दिन निर्जला उपवास के बाद शाम को पूजा-अर्चना करेंगी। फिर खीर और रोटी का प्रसाद ग्रहण करेंगी।
ये भी पढ़ें: Bhai Dooj 2018: जानें भाई दूज पर क्या है तिलक का शुभ मुहूर्त, कैसें करें पूजन की पूरी हो मनोकामना
24 घंटे उपवास के बाद शाम को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। अगली सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के बाद यह महापर्व समाप्त हो जाएगा।
व्रती महिलाएं न करें ये काम
छठ में साफ-सफाई का खास ख्याल रखा जाता है, इसलिए इस दिन व्रत करने वाले को साफ सुथरे और धुले कपड़े ही पहनने चाहिए। छठ पर्व के 4 दिन व्रत करने वाले किसी भी व्यक्ति को बिस्तर पर भी सोना नहीं चाहिए।
कौन हैं छठ देवी और क्यों होती है पूजा?
मान्यता है कि छठ देवी सूर्य देव की बहन हैं। उन्हीं को प्रसन्न करने के लिए जीवन के महत्वपूर्ण अवयवों में सूर्य व जल की महत्ता को मानते हुए, इन्हें साक्षी मान कर भगवान सूर्य की आराधना और उनका धन्यवाद करते हुए मां गंगा-यमुना या किसी भी पवित्र नदी या पोखर (तालाब) के किनारे यह पूजा की जाती है।
षष्ठी मां यानी कि छठ माता बच्चों की रक्षा करने वाली देवी हैं। इस व्रत को करने से संतान को लंबी आयु का वरदान मिलता है और इसलिए छठ पूजा की जाती है।