ममता ने मोदी सरकार से कहा, सभी रोहिंग्या मुस्लिम आतंकी नहीं
रोहिंग्या संकट पर केंद्र की मोदी सरकार के रुख पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने हमला बोला है। ममता ने कहा कि रोहिंग्या मुस्लिम आतंकवादी नहीं हैं।
नई दिल्ली:
रोहिंग्या संकट पर केंद्र की मोदी सरकार के रुख पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने हमला बोला है। ममता ने कहा कि रोहिंग्या मुस्लिम आतंकवादी नहीं हैं।
ममता बनर्जी ने ट्वीट कर कहा, 'हम लोग UN (संयुक्त राष्ट्र) की उस अपील का समर्थन करते हैं जिसमें रोहिंग्या मुसलमानों को मदद करने की बात कही गई है। हमें यकीन है कि सभी रोहिंग्या आतंकवादी नहीं हैं, आम इंसान हैं। हम इस बारे में चिंतित हैं।'
आपको बता दें कि संयुक्त राष्ट्र महासचिव के प्रवक्ता स्टीफन डुजारिक ने बुधवार को कहा था कि म्यांमार के हालात दिल दहला देने वाले हैं। उन्हें घरों से भगाया जा रहा है।
इससे पहले संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकर परिषद की 36वीं बैठक को संबोधित करते हुए जैद राद अल हुसैन ने रोहिंग्या को बाहर निकाले जाने की कोशिशों की कड़ी निंदा की थी। उन्होंने कहा था कि भारत रोहिंग्या मुसलमानों को देश से बाहर नहीं निकाल सकता।
और पढ़ें: राजनाथ बोले, रोहिंग्या मुद्दे पर सोमवार को अदालत में हलफनामा दाखिल करेगी केंद्र
उत्तर-पश्चिम म्यांमार के रखाइन में हिसा भड़कने के बाद वहां से बांग्लादेश भागे रोहिंग्या लोगों की संख्या 25 अगस्त से लेकर अब तक 379,000 हो गई है।
क्या है भारत का रुख
कई केंद्रीय मंत्री और राज्य सरकार के मंत्रियों ने कहा है कि रोहिंग्या भारत में अवैध रूप से रह रहे शरणार्थी हैं और इन्हें देश छोड़कर जाना पड़ेगा। भारत में करीब 40,000 रोहिंग्या मुसलमान रहते हैं।
सुप्रीम कोर्ट ने रोहिंग्या शरणार्थियों को वापस म्यांमार भेजने के सरकार के फैसले को चुनौती देने वाली याचिका पर सुनवाई कर रही है।
केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को कहा कि सरकार 18 सितंबर को रोहिंग्या शरणार्थियों के मुद्दे पर सरकार के रुख से सुप्रीम कोर्ट को अवगत कराएगी। राजनाथ ने इस मुद्दे पर इससे ज्यादा कुछ भी कहने से इनकार कर दिया।
और पढ़ें: सुषमा ने कहा- म्यांमार पर रोहिंग्या शरणार्थियों को वापस लेने का बना रहे दबाव