.

सलमान खुर्शीद ने RSS पर हिंदू आतंक के आरोपों पर दिग्विजय सिंह का किया बचाव

सलमान खुर्शीद ने कहा कि वैचारिक रूप से दिग्विजय सिंह के विचार काफी तीक्ष्ण हैं और उन्होंने सभी प्रकार के उग्रवाद को खराब बताया है।

News Nation Bureau
| Edited By :
19 Jun 2018, 09:38:20 AM (IST)

नई दिल्ली:

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह के द्वारा एक बार फिर हिंदू आतंकवाद शब्द का इस्तेमाल किए जाने पर पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने उनका बचाव किया है।

सलमान खुर्शीद ने कहा कि वैचारिक रूप से दिग्विजय सिंह के विचार काफी तीक्ष्ण हैं और उन्होंने सभी प्रकार के उग्रवाद को खराब बताया है।

खुर्शीद ने कहा, 'उन्होंने (दिग्विजय सिंह) अल्पसंख्यक उग्रवाद का विरोध किया है और कहा कि सभी तरह का उग्रवाद खराब है। जो उन्होंने कहा है, उसका सामान्यीकरण करने के बजाय हम सभी को संदर्भ में समझना चाहिए और सोचना चाहिए कि वे एक समुदाय या संगठन के खिलाफ बोल रहे हैं।'

गौरतलब है कि मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री रह चुके दिग्विजय सिंह ने एक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि जितने भी हिंदू धर्म वाले आतंकी पकड़े गए हैं वे सब आरएसएस (राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ) के कार्यकर्ता रहे हैं।

उन्होंने मध्य प्रदेश के झाबुआ में 17 जून को संबोधित करते हुए कहा, 'महात्मा गांधी की हत्या करने वाला व्यक्ति नाथू राम गोडसे भी आरएसएस का हिस्सा थे। यह विचारधारा ही नफरत फैलाती है, नफरत हिंसा की ओर ले जाती है, जो आतंकवाद की ओर ले जाती है।'

इससे पहले भी दिग्विजय सिंह कई बार हिंदू आतंकवाद शब्द का इस्तेमाल कर चर्चा में रहें हैं।

और पढ़ें: 'हिंदू आतंकवाद' का नाम लेकर दिग्विजय ने असली आतंकियों को बचाया: पूर्व गृहसचिव