.

आरएलएसपी के उपाध्यक्ष और पूर्व मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा JDU में शामिल

राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (आरएलएसपी) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भगवान सिंह कुशवाहा ने शुक्रवार को पार्टी छोड़ दी और वह यहां अपने समर्थकों के साथ सत्तारूढ़ JDU में शामिल हो गये.

News Nation Bureau
| Edited By :
28 Dec 2018, 08:26:15 PM (IST)

नई दिल्ली:

राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (आरएलएसपी) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भगवान सिंह कुशवाहा ने शुक्रवार को पार्टी छोड़ दी और वह यहां अपने समर्थकों के साथ सत्तारूढ़ JDU में शामिल हो गये. उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) राज्य में अगले वर्ष होने वाले लोकसभा चुनावों में जीत दर्ज करेगी. कुशवाहा आरएलएसपी के सैकड़ों कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ JDU की राज्य इकाई के अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह, शिक्षा मंत्री कृष्णनंदन प्रसाद वर्मा और अन्य की मौजूदगी में पार्टी कार्यालय में पार्टी में शामिल हुए.

बिहार के पूर्व मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा ने कहा, 'उपेन्द्र कुशवाहा के NDA छोड़कर संप्रग में शामिल होने के बाद मैंने आरएलएसपी छोड़ दी है और आरएलएसपी के 35 राज्य स्तरीय पदाधिकारियों और 1200 कार्यकर्ताओं के साथ JDU में शामिल हो रहा हूं.' 

उन्होंने कहा,'मैं जब आरएलएसपी में शामिल हुआ तो उस समय मेरी शर्त थी कि पार्टी NDA के साथ बनी रहनी चाहिए. मैंने उपेन्द्र कुशवाहा का NDA के साथ बना रहना सुनिश्चित करने के वास्ते अपनी तरफ से भरपूर कोशिश की लेकिन नीतीश कुमार के NDA में शामिल होने के बाद उन्होंने (उपेन्द्र) असहज महसूस करना शुरू कर दिया था.' 

उन्होंने कहा कि उनके समर्थक मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार के विकास की कहानी का हिस्सा बने रहना चाहते है. उन्होंने कहा,'2019 लोकसभा चुनाव एक चुनौती है और 2020 (राज्य में विधानसभा चुनाव) एक बहुत बड़ी चुनौती है लेकिन हम 2019 और 2020 दोनों चुनावों को जीतेंगे.

और पढ़ें- नए साल पर किसानों को पीएम मोदी की सौगात, समय पर भरा पैसा तो नहीं देने होंगे ब्याज

इससे पूर्व जद(यू) के प्रमुख और राज्यसभा सांसद वशिष्ठ नारायण सिंह ने भगवान सिंह कुशवाहा और उनके 1200 समर्थकों तथा कार्यकर्ताओं का पार्टी में स्वागत किया और कहा कि इससे पार्टी मजबूत होगी.