मनसे पर उलटा पड़ा दांव, फेरीवालों ने दौड़ा-दौड़ा कर पीटा, संजय निरुपम के खिलाफ एफआईआर दर्ज
मुंबई के मालाड इलाके में महाराष्ट्र नव निर्माण सेना (मनसे) के कार्यकर्ता और फेरीवालों के बीच भिड़ंत हो गई। इस दौरान फेरीवालों ने मनसे के कार्यकर्ताओं को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा।
नई दिल्ली:
मुंबई के मलाड इलाके में महाराष्ट्र नव निर्माण सेना (मनसे) के कार्यकर्ता और फेरीवालों के बीच भिड़ंत हो गई। इस दौरान फेरीवालों ने मनसे के कार्यकर्ताओं को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। इस पिटाई में एमएनएस के स्थानीय विभाग प्रमुख सुशांत मालवदे गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आपको बता दें कि मनसे मुंबई में फेरीवालों का विरोध कर रही है। राज्य सरकार को 15 दिन का अल्टीमेटम देने के बाद मनसे के कार्यकर्ता खुद ही फेरीवालों को हटाने में लग गए हैं। लेकिन शनिवार को मलाड स्टेशन पर फेरीवालों को हटाने पहुंचे एमएनएस कार्यकर्ताओं पर यह दांव उल्टा पड़ गया और फेरीवालों ने उन्हें पीट दिया।
इस दौरान एक कार्यकर्ता को सिर पर गहरी चोट आई है, जिसके बाद पुलिस ने सात फेरीवालों के खिलाफ हत्या की कोशिश का मामला दर्ज कर लिया है।
वारदात के बाद एमएनएस कार्यकर्ताओं ने मलाड पश्चिम में रेलवे स्टेशन के इलाके में विरोध प्रदर्शन किया। मनसे ने आरोप लगाया है कि फेरीवालों ने यह हमला कांग्रेस नेता संजय निरूपम के भड़काने पर किया है।
यह भी पढ़ें: जम्मू-कश्मीर: बांदीपुरा मुठभेड़ में दो आतंकी ढेर, सुरक्षा बलों पर पथराव शुरू
पुलिस ने संजय निरुपम के खिलाफ हिंसा भड़काने और बिना इजाजत सभा करने के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर लिया है।
गौरतलब है कि मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष संजय निरूपम ने शनिवार को एक सभा के दौरान फेरीवालों को संबोधित किया था। इस दौरान उन्होंने एमएनएस और बीजेपी पर आरोप लगाते हुए फेरीवालों से आह्वान किया था कि अगर वो लोग (MNS कार्यकर्ता) कानून को हाथ में ले सकते हैं तो आप भी ऐसा कर सकते हैं।
बई पुलिस के डीएसपी विक्रम देशमाने ने बताया कि मलाड स्टेशन के बाहर हुई इस मारपीट में कार्यकर्ताओं को गहरी चोटें आई हैं इसलिए 7 फेरीवालों के खिलाफ हत्या की कोशिश का मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच करने के बाद ही पुलिस आगे कोई कदम उठाएगी।
यह भी पढ़ें: 2014 लोकसभा चुनाव में मोदी की जीत का आधा श्रेय राहुल गांधी को: राज ठाकरे