.

मुंबई: हॉकर्स मुद्दे पर दादर में एमएनएस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प

एमएनएस ने 'फेरीवाला सम्मान मोर्चा' में बाधा डालने की कोशिश की जिसके बाद दोनो कार्यकर्ताओं के बीच संघर्ष शुरू हो गया।

News Nation Bureau
| Edited By :
01 Nov 2017, 04:15:46 PM (IST)

नई दिल्ली:

मुंबई के दादर में बुधवार सुबह हॉकर्स को हटाए जाने को लेकर एमएनएस (महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना) और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई है। 

मुंबई पुलिस के मुताबिक ये झड़प तब हुई जब कांग्रेस शहर इकाई ने हॉकर्स को सम्मानित करने के लिए 'फेरीवाला सम्मान मोर्चा' का आयोजन किया था।

पुलिस ने बताया कि एमएनएस ने 'फेरीवाला सम्मान मोर्चा' में बाधा डालने की कोशिश की जिसके बाद दोनो कार्यकर्ताओं के बीच संघर्ष शुरू हो गया। 

डिप्टी कमिश्नर ऑफ़ पुलिस (ज़ोन-5) राजीव जैन ने बताया, 'राज ठाकरे की पार्टी के कुछ सदस्यों ने मुंबई कांग्रेस चीफ़ संजय निरुपम के ख़िलाफ़ नारेबाज़ी भी की। जिसके बाद पुलिस ने अपनी कार्रवाई करते हुए 15 एमएनएस और 8 कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को गिरफ़्तार कर लिया है।'

राजीव जैन ने कहा कि दोनों पार्टी के कार्यकर्ताओं के ख़िलाफ़ उनकी गुनाह के मुताबिक उचित धारा में केस दर्ज़ की गई है।

खुल चुकी है मोदी के गुजरात मॉडल की पोल, चुनाव में BJP को लगेगा करंट: राहुल

दूसरे पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस घटना के बाद माहौल को शांत रखने के लिए घटनास्थल पर कुछ पुलिस बल भी तैनात किए गए हैं। इस घटना के बाद से आसपास की सभी दुकाने भी बंद है।

मुंबई कांग्रेस चीफ़ संजय निरुपम ने कहा, 'हमने मराठी समुदाय के ह़ॉकर्स को सम्मानित करने के लिए 'फेरीवाला सम्मान मोर्चा' का आयोजन किया था। लेकिन एमएनएस कार्यकर्ताओं ने ऐसा नहीं होने दिया। मैं सीधे-सीधे मुंबई पुलिस को इस घटना के लिए दोषी ठहराता हूं।' 

ज़ाहिर है कि एलफिन्सटन स्टेशन के पास हए हादसे के बाद राज ठाकरे ने पहले ही कहा था कि यहां से हॉकरों को हटाया जाय अन्यथा उनकी पार्टी उन्हें वहां से हटाएगी।

गुजरात चुनाव 2017: राहुल गांधी तीन दिवसीय दौरे पर वडोदरा पहुंचे, भरूच में करेंगे जनसभा