पूर्व सेना प्रमुख जनरल जेजे सिंह हुए अकाली दल में शामिल
पूर्व भारतीय सेना प्रमुख जनरल (सेवानिवृत्त) जे.जे.सिंह शनिवार को पंजाब में सत्तारूढ़ शिरोमणि अकाली दल में शामिल हो गए।
चंडीगढ़:
पूर्व भारतीय सेना प्रमुख जनरल (सेवानिवृत्त) जे.जे.सिंह शनिवार को पंजाब में सत्तारूढ़ शिरोमणि अकाली दल में शामिल हो गए।
जनरल सिंह पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कांग्रेस के अमरिंदर सिंह के खिलाफ पटियाला-शहरी सीट से चुनाव लड़ेंगे। पूर्व सेना प्रमुख का पार्टी में स्वागत यहां पार्टी अध्यक्ष तथा पंजाब के उपमख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने किया।
जनरल सिंह जनवरी 2005 से सितंबर 2007 तक भारतीय सेना प्रमुख के पद पर रहे।
पूर्व सेना प्रमुख ने दावा किया कि वह चुनाव जीतेंगे। उन्होंने कैप्टन अमरिंदर सिंह पर उन्होंने टिप्पणी करते हुए कहा, "एक सैनिक का बेटा आपको चुनावों में बुरी तरह से हराएगा, और ये एक ऐतिहासिक जीत होगी।"
उधर कांग्रेस के चुनाव प्रचार की कमान संभाल रहे अमरिंदर सिंह भी भारतीय सेना में कैप्टन रह चुके हैं।
अमरिंदर सिंह ने शुक्रवार को कहा कि वह जे.जे.सिंह के खिलाफ चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा, "यह ऐसा मुकाबला होगा, जिसमें कैप्टन एक जनरल को हराएगा।"
जनरल सिंह (71) को पिछली कांग्रेस नीत संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन सरकार ने अरुणाचल प्रदेश (2008-2013) का राज्यपाल नियुक्त किया था।
शिरोमणि अकाली दल-भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की गठबंधन सरकार साल 2007 से ही पंजाब में सत्तासीन है।
कुल 117 सदस्यीय पंजाब विधानसभा का चुनाव चार फरवरी को होगा।