क्या है चिकनगुनिया और कैसे करें इससे अपना बचाव
दिल्ली-एनसीआर में चिकनगुनिया-डेंगू और मलेरिया तेजी से फैल रहा है। म्युनिसिपालिटी द्वारा जारी रिपोर्ट में दिल्ली में पहली बार चिकनगुनिया के 1057 मामले सामने आए हैं। जो पिछले हफ्ते की तुलना में 90 फीसद ज्यादा हैं।
नई दिल्ली:
दिल्ली-एनसीआर में चिकनगुनिया-डेंगू और मलेरिया तेजी से फैल रहा है। म्युनिसिपालिटी द्वारा जारी रिपोर्ट में दिल्ली में पहली बार चिकनगुनिया के 1057 मामले सामने आए हैं। जो पिछले हफ्ते की तुलना में 90 फीसद ज्यादा हैं। दिल्ली में चिकनगुनिया से 3 लोगों की जान भी जा चुकी है।
आइये जानते हैं चिकनगुनिया के लक्षण, इलाज और इससे बचने के उपायों के बारे में....
चिकनगुनिया है क्या?
चिकनगुनिया वायरल बुखार जैसा है और यह जानलेवा नहीं होती। लेकिन सावधानी न बरती जाए तो जानलेवा भी हो सकती है। इससे बच्चे और बूढ़े लोगों को खतरा ज्यादा होता है। यह बुखार मादा एडिस मच्छर के काटने से होता है। इसके लक्षण डेंगू जैसे ही होते हैं।
चिकनगुनिया के लक्षण
शोधकर्ता बताते हैं कि जीका और डेंगू फैलाने वाले मच्छर ही चिकनगुनिया के लिए जिम्मेदार होते हैं। WHO के मुताबिक, मच्छर काटने के 3 से 7 दिन के अंदर इसका लक्षण दिखाई देता है। अचानक बुखार आ जाता है। जोड़ों में दर्द महसूस होता है। सिर और मांसपेशियों में दर्द होना, थकान महसूस करना, स्किन पर रैशेज पड़ना जैसी समस्याएं होने लगती हैं।
क्या है इलाज
बॉडी में ऊपर लिखे लक्षण दिखाई देते ही तुरंत ब्लड टेस्ट कराएं। घर में पानी इकट्ठा हो रहा है तो उस जगह की सफाई कराएं। ऐसी जगह पर न जाएं, जहां मच्छर हों। पानी ज्यादा पिएं। ज्यादा से ज्यादा आराम करें।
डेंगू के लक्षण
डेंगू के लक्षण 3 से 14 दिन बाद दिखने लगते हैं। तेज़ ठंड के साथ बुखार आता है। सिर और आंखों के साथ पूरी बॉडी में दर्द शुरू हो जाता है। भूख कम लगती है और उल्टी-दस्त आने लगते हैं।
डेंगू-चिकनगुनिया से बचने के लिए क्या करें
- मच्छरदानी का इस्तेमाल करें और शरीर को ढककर रखें।
- घर में नियमित रूप से सफाई करें।
- दरवाजे और खिड़कियां बंद रखें, ताकि मच्छर अंदर न आ सकें।
- खाली बर्तनों में पानी इकट्ठा न होने दें।
- घर में तुलसी का पौधा लगाने से भी मच्छर दूर रहते हैं।
सादा खाना खाएं। ताज़े और मौसमी फलों का सेवन करें। नारियल पानी के साथ हर घंटे पानी पिएं। खाने में सलाद को शामिल करें।