.

मध्यप्रदेश : जोबट विधानसभा उपचुनाव भाजपा के लिए चुनौती, जीत के लिए कसी कमर

मध्यप्रदेश : जोबट विधानसभा उपचुनाव भाजपा के लिए चुनौती, जीत के लिए कसी कमर

IANS
| Edited By :
17 Aug 2021, 07:15:01 PM (IST)

अलिराजपुर 17 अगस्त: मध्य प्रदेश में आने वाले दिनों में तीन विधानसभा और एक लोकसभा क्षेत्र में उप-चुनाव होने वाले है। इन चार क्षेत्रों में से भाजपा के लिए सबसे बड़ा चुनौतीपूर्ण मुकाबला अलिराजपुर जिले की जोबट विधानसभा में रहने वाला है और इसकी वजह यह है कि यह विधानसभा क्षेत्र कांग्रेस का गढ़ है और यह आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र भी है।

यही कारण है कि भाजपा ने अभी से अपनी ताकत झौंकना शुरू कर दी है। भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने इस बात के संकेत दिए हैं कि पार्टी यहां चुनाव जीतने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी।

वैसे अभी उप-चुनाव की तारीख का ऐलान नहीं हुआ है, मगर भाजपा के नेताओं ने जमीनी स्तर पर तैयारी तेज कर दी है। प्रभारियों की नियुक्ति कर दी गई है और प्रदेशाध्यक्ष शर्मा का दौरा भी शुरू हो गया है। इस सीट पर जीत को भाजपा भी चुनौती मानकर चल रही है। इसी वजह भी है, क्योंकि यहां अब तक के चुनावों में से केवल तीन बार कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा है। भाजपा यहां से केवल दो बार ही जीती है, जबकि कांग्रेस को 11 बार जीत मिली है। कुल मिलाकर यह चुनाव बड़ा रोचक रहने वाला है।

भाजपा सत्ता में है और संगठन पूरी मुस्तैदी से अपनी तैयारी में लगा हुआ है। जोबट विधानसभा क्षेत्र में भाजपा किसी तरह की चूक नहीं करना चाहती है, चाहे उम्मीदवार के चयन का मामला हो या जमीनी जमावट का। इसकी शुरुआत भाजपा प्रदेशाध्यक्ष शर्मा ने अपने दौरे के साथ कर दी है।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष शर्मा का कहना है कि कुशल रणनीति, संगठन तंत्र की मजबूती, कार्यकर्ताओं की मेहनत के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान के नेतृत्व में चल रही गरीब कल्याण की योजनाएं के आधार पर भाजपा जोबट उपचुनाव में जीत का इतिहास रचेगी।

अलिराजपुर के दौरे पर पहुंचे शर्मा ने कहा, जोबट विधानसभा क्षेत्र में प्रत्येक बूथ पर हमारे कार्यकर्ता चुनाव जीतने का संकल्प लेकर जुटेंगे। पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता चुनाव के लिए कमर कसकर तैयार है। भाजपा कैडर बेस पार्टी है। हमारा कार्यकर्ता बूथ स्तर तक संगठन के कार्य में लगा हुआ है। संगठन कार्य का सु²ढ़ीकरण ही मेरे प्रवास का मूल उद्देश्य है।

जोबट विधानसभा क्षेत्र आदिवासी बाहुल्य विधानसभा क्षेत्र है और कांग्रेस इसे अपना वोट बैंक मानकर चलती है। आदिवासियों के मामले में कांग्रेस और भाजपा की तुलना करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अनुसूचित जनजाति वर्ग को सिर्फ वोट बैंक माना, लेकिन दिवंगत प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने पृथक जनजातीय मंत्रालय बनाकर आदिवासियों को अधिकार संपन्न बनाया।

प्रदेशाध्यक्ष शर्मा ने अपने प्रवास के दौरान शहीद चंद्रशेखर आजाद की जन्मस्थली चंद्रशेखर आजाद नगर पहुंचे। उन्होंने शहीद आजाद स्मारक पहुंचकर चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इतना ही नहीं, इस प्रवास के दौरान उनका आदिवासी परंपरा के अनुसार स्वागत किया गया, जिससे वे अभिभूत हो गए।

डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.