बेंगलुरु छेड़छाड़ मामलाः पुलिस ने मुख्य अभियुक्त समेत चार लोगों को किया गिरफ्तार
बेंगलुरु में सड़कों पर खुलेआम कुछ महिलाओं के साथ अभद्रता करने के मामले में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
नई दिल्ली:
बेंगलुरु में नए साल के जश्न के दौरान हुडदंगियो के द्वारा सड़कों पर खुलेआम कुछ महिलाओं के साथ अभद्रता करने के मामले में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। सूत्रों ने बताया कि पुलिस ने मुख्य संदिग्ध की भी पहचान कर उसे अपनी गिरफ्त में ले लिया है।
इससे पहले सीसीटीवी वीडियो मिलने के बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली थी। पुलिस का कहना है कि उन्होंने एमजी रोड पर लगे 45 सीसीटीवी कैमरों में दर्ज विडियो की जांच की है। जिसके बाद सबूत मिले।
इस विडियो के शुरुआत में एक ऑटोरिक्शा सड़क पर रुकता है। एक लड़की उसमें से उतरकर अपने घर की ओर तेजी से बढ़ती है। दूसरी लड़की ऑटो में ही किराया दे रही होती है।
इसके बाद, दूसरी लड़की ऑटो से उतरकर कुछ दूर ही जा पाती है कि स्कूटर सवार दो लोग तेजी से उसके बगल से गुजरते हैं। वे वापस लौटते हैं और लड़की का रास्ता रोक लेते हैं।
इसे भी पढ़ेंः (Video) बेंगलुरु छेड़छाड़ मामलाः जांच में मिले सबूत, FIR दर्ज
उनमें से एक स्कूटर से उतरता है और लड़की की ओर बढ़ता है। वह लड़की को गलत ढंग से पकड़ लेता है। लड़की खुद को छुड़ाने की कोशिश करती है, जब वह शख्स उसे अपने दोस्त की ओर स्कूटर की तरफ खींचने की कोशिश करता है। लेकिन नाकाम रहने पर उसे सड़क पर ढकेलकर स्कूटर से फरार हो जाता है।