यूपीः बागपत में बीजेपी नेता के बेटे के छेड़खानी से डरकर लड़की ने छोड़ी पढ़ाई
पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। कथित छेड़खानी की इस घटना को लेकर पुलिस ने कोई भी बयान जारी नहीं किया है।
नई दिल्ली:
उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) जिला अध्यक्ष के बेटे पर छेड़खानी का आरोप लगा है। लड़की का आरोप है कि जिलाध्यक्ष का बेटा आए दिन उसे छेड़ता है। छेड़खानी के डर से लड़की आगे की पढ़ाई जारी नहीं करना चाहती है।
पीड़िता ने बताया, 'कई दिनों से लड़के मुझे छेड़ रहे हैं। इस कारण मैं और मेरा परिवार पूरी तरह से डर गया है।' लड़की 12वीं में पढ़ रही है।
पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। कथित छेड़खानी की इस घटना को लेकर पुलिस ने कोई भी बयान जारी नहीं किया है।
इससे पहले शाहजहांपुर में भी एक युवती ने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) विधायक के बेटे पर रेप का आरोप लगाया था। पीड़िता आरोपी पर कार्रवाई की मांग करते हुए कलेक्टर के कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गई थी।
हालांकि धरने के कुछ घंटे बाद अधिकारियों ने जल्द कार्रवाई का भरोसा दिलाकर धरना खत्म करा दिया था। पीड़िता ने कहा था कि उसे जान से मारने की धमकी मिल रही है।
इससे पहले उन्नाव के विधायक कुलदीप सिंह सेंगर पर भी लड़की के साथ बलात्कार करने का आरोप लगा है। इस आरोप के बाद राजनीतिक जगत में यूपी सरकार की जमकर आलोचना हुई थी।