मोगा, 9 जुलाई (आईएएनएस)। पंजाबी एक्ट्रेस तानिया के पिता डॉ. अनिल जीत सिंह कंबोज पर 4 जुलाई को जानलेवा हमला किया गया था, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। मोगा के मेडिसिटी हॉस्पिटल में उनका इलाज चल रहा है। मोगा मेडिसिटी हॉस्पिटल के डॉक्टरों ने डॉ. अनिल जीत सिंह कंबोज के हेल्थ को लेकर मेडिकल बुलेटिन जारी किया।
सर्जन डॉ. अनूप हांडा, डॉ. संदीप कौर, डॉ. अदिति और डॉ. अजमेर सिंह ने मंगलवार को मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि 4 जुलाई को डॉ. अनिल जीत सिंह कंबोज को घायल अवस्था में अस्पताल लाया गया था, उनकी स्थिति बहुत नाजुक थी। ऐसी स्थिति में उन्हें रेफर नहीं किया जा सकता था, क्योंकि रास्ते में कुछ भी हो सकता था। उनके परिजनों की सहमति पर उनका यहीं पर ऑपरेशन किया गया।
उन्होंने कहा कि डाक्टरों की टीम ने करीब ढाई से तीन घंटे तक उनकी सर्जरी की। उनका खून काफी बह चुका था और बीपी एवं पल्स काफी बढ़ गए थे। उनको अभी भी वेंटिलेटर पर रखा गया है। बीपी के लिए उनको लगातार दवाइयां दी जा रही हैं। सर्जरी के बाद उनका स्वास्थ्य तेजी से रिकवरी कर रहा है। वे जल्द ही स्वस्थ हो जाएंगे।
डॉक्टरों ने कहा कि पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह ने जैसे आदेश दिए, हम उसी तरह से कर रहे हैं। मंत्री बलबीर सिंह ने कहा है कि जो भी जरूरत हो, वो की जाए। पंजाब सरकार पूरी तरह से साथ है। उन्होंने कहा कि डिप्टी कमिश्नर सागर सेतिया और एसएसपी अजय गांधी लगातार अस्पताल के संपर्क में हैं और लगातार यहां पर आकर जानकारी ले रहे हैं। उन्होंने पंजाब सरकार का भी धन्यवाद किया।
एक दिन पहले लुधियाना से कांग्रेस सांसद अमरिंदर सिंह ने सोमवार को अस्पताल जाकर डॉ. अनिल जीत सिंह कंबोज का हालचाल जाना था। इस दौरान उन्होंने कहा था कि पंजाब में फिर से गैंगस्टरों द्वारा राज्य के लोगों से फिरौती मांगी जा रही है और कत्ल किए जा रहे हैं। कांग्रेस के राज में ऐसा कभी नहीं हुआ था। सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद पंजाब में गैंगस्टर का दबदबा बढ़ता जा रहा है। पंजाब में लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति बहुत नाजुक बनी हुई है और सरकार कुछ नहीं कर पा रही है।
--आईएएनएस
डीकेपी/एबीएम
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.